
मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर के ई.सी.ई. विभाग द्वारा डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी की 100वीं जयंती पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।

मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ई.सी.ई.) विभाग द्वारा प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह तथा विभाग के इंचार्ज इंजीनियर मनीष सचदेवा के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सहयोग से महान भारतीय-अमेरिकी भौतिक वैज्ञानिक तथा ‘फाइबर ऑप्टिक्स के जनक’ के रूप में प्रसिद्ध डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी की 100वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डॉ. कपानी के जीवन, उपलब्धियों और विज्ञान के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान से परिचित करवाना तथा आधुनिक संचार प्रणाली में फाइबर ऑप्टिक्स के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष जागरूकता सत्र से हुई। इस दौरान इंजीनियर मनीष सचदेवा ने डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी के जीवन, शिक्षा, शोध कार्यों और वैज्ञानिक उपलब्धियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने फाइबर ऑप्टिक्स के विकास में डॉ. कपानी के अग्रणी योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार इस क्रांतिकारी तकनीक ने आधुनिक संचार प्रणाली, हाई-स्पीड इंटरनेट, मेडिकल इमेजिंग सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव लाए हैं। विद्यार्थियों को डॉ. कपानी के जीवन और वैज्ञानिक योगदान से संबंधित एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी के जीवन, शोध और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने ज्ञान और जानकारी का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रिंसिपल डॉ. जग्रूप सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने विजेताओं को बधाई दी और सभी विद्यार्थियों को समर्पण, नवाचार तथा मेहनत के माध्यम से महान वैज्ञानिकों के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ई.सी.ई.) विभाग द्वारा ‘वॉल ऑफ फेम’ की स्थापना एवं उद्घाटन रहा। इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी की तस्वीर और उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को दर्शाता एक विशेष स्मारक बैनर लगाया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को महान भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों से जोड़कर रखना तथा उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर इंजीनियर गगनदीप, श्री प्रिंस मदान, मिस प्रीत कंवल, मिस मनिंदर कौर और मिस नम्रता, लेक्चरर्स भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभाग द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की और विद्यार्थियों को ऐसी शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी का जीवन इस बात का प्रेरणादायक उदाहरण है कि जिज्ञासा, दृढ़ संकल्प और वैज्ञानिक नवाचार के माध्यम से दुनिया में महत्वपूर्ण बदलाव लाए जा सकते हैं। इस पहल के माध्यम से ई.सी.ई. विभाग ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता, तकनीकी ज्ञान और प्रेरणा को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा पंजाब और भारत के महान वैज्ञानिकों में से एक डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी के अमूल्य योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।



