
दिल्ली: केएफसी और पिज्जा हट की ऑपरेटर कंपनी सफायर फूड्स इंडिया लिमिटेड अब देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड में मर्जर होने जा रही है। इसे फास्ट-फूड सेक्टर का सबसे बड़ा मर्जर माना जा रहा है। इस डील के ऐलान के बाद निवेशकों में उत्साह बढ़ गया और देवयानी इंटरनेशनल के शेयरों में करीब आठ प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार शेयर कारोबारी सत्र के दौरान 159.45 रुपए पर पहुंच गए।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मर्जर ऐसे समय में हो रहा है जब भारत में फास्ट-फूड फ्रेंचाइजी घटती बिक्री और बढ़ती महंगाई के दबाव का सामना कर रही हैं। उपभोक्ता बाहर खाने की बजाय घर पर ऑर्डर करने की ओर ज्यादा झुकाव दिखा रहे हैं। डील के तहत देवयानी सफायर के प्रत्येक 100 शेयरों के बदले 177 शेयर जारी करेगी। इसके अलावा ग्रुप की कंपनी आर्कटिक इंटरनेशनल, मौजूदा प्रमोटरों से सफायर फूड्स की लगभग 18.5 प्रतिशत पेड-अप इक्विटी का अधिग्रहण करेगी, जिसमें किसी वित्तीय निवेशक को हिस्सेदारी सौंपने का विकल्प भी शामिल है।मर्जर को सभी नियामक और वैधानिक स्वीकृति लेनी होगी, जिसमें स्टॉक एक्सचेंज, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग, राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण और दोनों कंपनियों के शेयरधारक और लेनदार शामिल हैं। अनुमान है कि पूरी प्रक्रिया में लगभग 12 से 15 महीने का समय लगेगा, जिसके बाद मर्जर प्रभावी होगा।