दिल्ली: देश के कई हिस्सों में सूरज के तेवर अब तीखे होने लगे हैं। दिन की शुरुआत उमस और बढ़ते तापमान के साथ हो रही है, जिससे लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई इलाकों में पारा सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है। एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में लू जैसी स्थिति की आहट है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।अगले दो दिनों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। यही हाल गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों का भी है, जहां पारा सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर जाने का अनुमान है। हालांकि, इस गर्मी के बीच राहत की बूंदें भी बरसेंगी। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान धूल भरी हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।पहाड़ों की बात करें तो 16 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला चलता रहेगा। विशेषकर 11 और 12 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। 11 मार्च को तो जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान भी जताया गया है। मौसम के इस बदलते गणित के बीच 14 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ सक्रिय होने वाला है, जो एक बार फिर कई राज्यों के मौसम का रुख पलट सकता है।