जालंधर: पंजाब में हीट वेव का प्रकोप बढ़ रहा है। फरीदकोट और बठिंडा में पारा 44.3 डिग्री तक पहुंच गया है। तापमान में 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इससे अब यह सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। वहीं भीषण गर्मी में पंजाब में बिजली सप्लाई में कटौती और 42 डिग्री पारे से लोग बेहाल हैं। तकनीकी सुधारों और बढ़ती मांग के कारण राज्य के बड़े शहरों और ग्रामीण इलाकों में लंबे कट लग रहे हैं।पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने मरम्मत कार्य के लिए 21 से 28 अप्रैल तक बिजली कटौती की घोषणा की है। शहरों में यह कट औसतन 8 से 10 घंटे के लग रहे हैं। जालंधर में वीरवार रात 9.30 के करीब बिजली कटी और रात 2.30 बजे शुरू हुई। लोग रात भर विभाग को कोसते रहे। बठिंडा में भी बिजली कट सुबह से ही शुरू हो जाते हैं। गांव बीबी वाला की पंचायत ने विधायक तक को पत्र लिखकर कहा कि तीन से पांच घंटे तक बिजली कटों से लोगों का बुरा हाल है। यहां लाइनपार क्षेत्र के लोगों ने बिजली कटों को लेकर सरकार एवं जिला प्रशासन के खिलाफ हाथों में पंखे लेकर प्रदर्शन किया है।