

डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर ने 25 अप्रैल, 2026 को डी.ए.वी. वॉकथॉन 1.0 का आयोजन किया। यह राज्य-स्तरीय अभियान “युद्ध नशेयां विरुद्ध” के अंतर्गत जि़ला प्रशासन के सहयोग से नशाखोरी के विरुद्ध जन-जागरूकता हेतु आयोजित एक पदयात्रा थी। इस अभियान में छह डी.ए.वी. संस्थानों— डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर; डी.ए.वी. फिजियोथेरेपी एंड रिहैबिलिटेशन संस्थान; महात्मा हंसराज डी.ए.वी. नर्सिंग संस्थान; पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल; दयानंद मॉडल स्कूल (मॉडल टाउन) तथा दयानंद मॉडल स्कूल (दयानंद नगर)— के 600 से अधिक विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अभिभावकों ने भाग लेकर शारीरिक स्वास्थ्य तथा नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
यह वॉकथॉन प्रातः 6:15 बजे गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर आरंभ किया गया और मॉडल टाउन स्थित शिवानी पार्क में संपन्न हुआ। समापन समारोह में उप-मंडल मजिस्ट्रेट श्री नवदीप सिंह (पी.सी.एस.) तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्री मनमोहन सिंह (पी.पी.एस.) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि ए.सी.पी. मनमोहन सिंह कॉलेज के पूर्व छात्र भी हैं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने वरिष्ठ उप-प्राचार्य प्रो. कुॅंवर राजीव एवं उप-प्राचार्या प्रो. सोनिका दानिया, रजिस्ट्रार प्रो. अशोक कपूर, डिप्टी रजिस्ट्रार प्रो. मनीष खन्ना, ई.एम.ए. की अधिष्ठाता डॉ. एकजोत कौर तथा कार्यक्रम समन्वयक प्रो. ईशा सहगल के साथ मिलकर अतिथियों का स्वागत किया तथा सम्मान स्वरूप उन्हें पौधे भेंट किए।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों में डी.ए.वी. फिजियोथेरेपी एंड रिहैबिलिटेशन संस्थान की प्राचार्या डॉ. शिल्पी जेटली; दयानंद मॉडल स्कूल (दयानंद नगर) के प्राचार्य डॉ. एस. के. गौतम; दयानंद मॉडल स्कूल (मॉडल टाउन) के प्राचार्य श्री विनोद कुमार; रेड क्रॉस के सचिव डॉ. सुरजीत लाल सहोता; युवा सेवा विभाग के सहायक निदेशक श्री रवि दारा; प्रसिद्ध पंजाबी गायक श्री दलविंदर दयालपुरी तथा मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन, जालंधर के अध्यक्ष श्री रवि दुग्गल सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने विशिष्ट अतिथियों, भाग लेने वाले डी.ए.वी. संस्थानों के प्राचार्यों, ई.एम.ए. की अधिष्ठाता डॉ. एकजोत कौर, समन्वय समिति के सदस्यों तथा कॉलेज के समस्त कर्मचारियों के प्रति कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु दिए गए सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण डी.ए.वी. शिक्षा-दर्शन का मूल आधार है तथा यह वॉकथॉन नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध एक व्यापक जनांदोलन का प्रारंभ करने की क्षमता रखता है।
उप-मंडल मजिस्ट्रेट श्री नवदीप सिंह ने इस वॉकथॉन को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध संघर्ष में एक अत्यंत सार्थक पहल बताया। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र के भविष्य के रूप में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध उनकी भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन भले ही एक छोटा कदम प्रतीत हो, परंतु इसका प्रभाव दूरगामी होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे केवल दर्शक न बनें, बल्कि समस्याओं के समाधानकर्ता बनें और नशामुक्त समाज निर्माण की व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा— “परिवर्तन आप में से प्रत्येक से प्रारंभ होता है।” उन्होंने युवाओं से पंजाब को नशे के कलंक से मुक्त करने तथा ‘रंगला पंजाब’ के स्वप्न को साकार करने के लिए नेतृत्व करने का आह्वान किया।
इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध सामूहिक शपथ ली तथा नशामुक्त जीवन जीने और उसे बढ़ावा देने का संकल्प किया।
समारोह में श्री रवि दारा द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, श्री दलविंदर दयालपुरी द्वारा संगीतमय प्रस्तुति, डी.ए.वी. बैंड की प्रस्तुति तथा इसके बाद जोशीले भांगड़े की प्रस्तुति शामिल थी। कार्यक्रम का संचालन प्रो. शरद मनोचा द्वारा किया गया।