चंडीगढ़, 27 अप्रैल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल द्वारा शराब घोटाले के मामले में अदालत के सामने पेश न होने के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या वे अब खुद को कानून से भी ऊपर समझने लगे हैं।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा,
“अरविंद केजरीवाल जी, आपने घोषणा की है कि सीबीआई द्वारा शराब घोटाले में आपके खिलाफ दायर अपील के मामले में आप हाईकोर्ट में पेश नहीं होंगे।
यह आपका डर है या घमंड?
क्या आप अब अदालत से भी ऊपर हो गए हैं? क्या आप इस देश के संविधान को भी नहीं मानते? याद रखिए, सीबीआई ने कानून के अनुसार ही यह अपील की है।

और हाँ, आपने जो नियम अपने लिए बनाया है, क्या उसी नियम के अनुसार आपकी पंजाब की आप सरकार सरकारी कर्मचारियों को पूरा डीए और सभी बकाया देने के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील नहीं करेगी?

आप अक्सर ‘सत्यमेव जयते’ की बात करते हैं। यदि आप सच में सच्चे हैं तो डर किस बात का? कानून अपना काम कर रहा है। बेहतर होगा कि सहानुभूति लेने की कोशिश न करें और सच्चाई का सामना करें।”

जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हमेशा से दोहरा चरित्र रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी अदालत के फैसले आ चुके हैं और हाईकोर्ट भी कानून के अनुसार ही इस मामले में निर्णय करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय कानून के तहत सरकार और प्रभावित पक्ष अक्सर निचली अदालत के फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में जाते रहते हैं, इसलिए इस तरह का “नाटक” करना उचित नहीं है।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि यदि केजरीवाल की यह दलील मान ली जाए कि निचली अदालत का फैसला ही अंतिम होना चाहिए, तो फिर पंजाब सरकार कर्मचारियों के डीए मामले में हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील क्यों करने जा रही है।

अंत में जाखड़ ने कहा कि केजरीवाल हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करते हैं और इस मामले में भी वही कर रहे हैं, लेकिन अब लोग ऐसे “ड्रामों” से तंग आ चुके हैं।