मोगा : नशा मुक्ति केंद्र से मरीजों के फरार होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार जिले में थाना कोट इसे खां के अधीन आते गांव जनेर स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से मरीज ताला तोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि, इन मरीजों द्वारा भागने के पहले केंद्र के स्टाफ और सिक्योरिटी गार्ड्स से धक्का मुक्की भी की गई। यही नहीं इस दौरान मरीजों द्वारा मारपीट भी की गई। केंद्र में हुई ये पूरी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार नशा मुक्ति केंद्र में मरीजों और स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई जिसने देखते ही देखते भयानक रूप ले लिया। इस दौरान कुछ मरीज उग्र हो गए और सिक्योरिटी गार्ड और स्टाफ से धक्का मुक्की करने लगे। फिर मौके पर मेन गेट को तोड़कर केंद्र से फरार हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नशा मुक्ति केंद्र में कुल 95 मरीज भर्ती थे जिनमें से 30 युवक मौके पर फरार हो गए। वहीं बताया जा रहा है कि, कुछ मरीजों को मौके पर पकड़ लिया गया।