Sliderपंजाब

भ्रष्टाचार के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए धर्म और राजनीति का सहारा ले रही है ‘आप’ : केवल सिंह ढिल्लों*

चंडीगढ़, 9 जून:
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों के खिलाफ दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब के मेहनती व्यापारी किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। पंजाब का व्यापारी वर्ग पूरी तरह जागरूक है और सच को भली-भांति समझता है।

सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सवाल बिल्कुल सीधा है—आखिर आम आदमी पार्टी के नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप क्यों लगे हैं? इसका जवाब देने के बजाय ‘आप’ नेतृत्व कानूनी प्रक्रिया को राजनीति और धर्म से जोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। अपने भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों को बदनाम करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रही कार्रवाई से आम आदमी पार्टी सरकार को इतनी तकलीफ क्यों हो रही है? केंद्रीय एजेंसियां केवल कानून के अनुसार अपना दायित्व निभा रही हैं। यदि कोई निर्दोष है तो उसे डरने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसे जवाब देना ही होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के ईमानदार व्यापारी और उद्योगपति हमारे सिर का ताज हैं। भारतीय जनता पार्टी हमेशा व्यापारियों और उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। भाजपा के शासन में ईमानदारी से व्यापार करने वालों को सुरक्षा, सम्मान और विकास के अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को व्यापारियों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने के बजाय पंजाब में बढ़ रहे गैंगस्टरवाद, रंगदारी और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि कानून सबके लिए समान है। ईमानदार लोगों को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है और भ्रष्टाचारियों को कोई बचा नहीं सकता। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के विकास, औद्योगिक प्रगति तथा प्रत्येक व्यापारी और उद्यमी के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button