
एपीजे स्कूल महावीर मार्ग, जालंधर में राजेश्वरी कला उत्सव के अंतर्गत श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी की 102वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल श्री यशपाल शर्मा, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती आरती शोरी भट् तथा अन्य अतिथियों ने श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत विद्यालय की छात्रा सानवी एवं वंशिका राणा ने भावपूर्ण नृत्य-वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत की।
इस अवसर पर प्रिंसिपल श्री यशपाल शर्मा ने श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी के प्रेरणादायी जीवन, उनकी उपलब्धियों तथा शिक्षा एवं समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने एपीजे एजुकेशन की चेयरपर्सन श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी द्वारा प्रेषित संदेश का भी वाचन किया, जिसमें उन्होंने अपनी माता श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी के प्रति गहरा प्रेम, सम्मान तथा उनके उच्च जीवन-मूल्यों का भावपूर्ण उल्लेख किया।
इस अवसर पर स्वर्गीय संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. सत्य पॉल जी की धर्मपत्नी श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी को उनकी असीम करुणा, सौम्य व्यक्तित्व, आध्यात्मिकता के प्रति अटूट निष्ठा तथा परोपकार की भावना के लिए भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने भजन “रामा रामा रचते रचते” की मधुर प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी को भाव-विभोर कर दिया। छात्रा आन्या महाजन ने श्रीमती राजेश्वरी पॉल जी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं उनके जीवन मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात छात्र अरादित खन्ना, कोमलदीप एवं अनन्या ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं नृत्य विभाग की छात्राओं ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा समस्त स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।