जालांधर: मौसम विभाग ने 1 अगस्त से अगले पांच दिनों के लिए चंडीगढ़ और पंजाब के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कई जगहों पर गरज के साथ हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून ट्रफ पंजाब के दक्षिणी हिस्से की ओर स्थित है। इस कारण अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन राज्य के ज्यादातर हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती हैं।इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में बिजली और गरज के साथ भारी से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एस.ए.एस. नगर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि अगस्त के पहले हफ्ते में मॉनसून के फिर से एक्टिव होने की संभावना है, जिससे जुलाई महीने में हुई बारिश की कमी की काफी हद तक भरपाई हो सकती है। बारिश की वजह से टेम्परेचर गिरेगा और रातें सुहावनी रहेंगी, हालांकि दिन में नमी बनी रह सकती है। सेहत विभाग ने भी लोगों को मौसमी बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।