
जालंधर, 7 अगस्त।
लघु उद्योग भारती महिला इकाई जालंधर द्वारा सावन के पावन अवसर पर तीज का पर्व बड़े उत्साह, प्रेम एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती पंजाब उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महिला कार्य प्रभारी सीमा धूमल की विशेष सहभागिता रही।
सभी सदस्यों ने एकत्र होकर तीज के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व को साझा किया तथा ये माना कि ऐसे सांस्कृतिक उत्सवों और आयोजनों से जो ऊर्जा प्राप्त होती है वह हमारे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक दृष्टिकोण भरती है; प्रतिस्पर्धा के स्थान पर मिलजुल कर कार्य करने की प्रेरणा देती है, तथा किसी भी परिस्थिति का सामना करने का आत्मबल प्रदान करती है ।
तीज बेटियों, बहनों और सावन की हरियाली से जुड़ा एक विशेष पर्व है, जो प्रेम, स्नेह, सौहार्द और भारतीय संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण किए, मेहंदी रचाई तथा गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उत्सव को यादगार बनाया।
कार्यक्रम में महिला इकाई, जालंधर की अध्यक्ष आरती सचदेवा, महासचिव रमनप्रीत जज, संयुक्त महासचिव नीतू नंदा, सह कोषाध्यक्ष रूही बुद्धिराजा, कोषाध्यक्ष सरोज ठाकुर, नेहा, नोनी कत्याल, वत्सला पुरी, सविता ठाकुर, रीना देवरा सहित अन्य महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि तीज का पर्व महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ने, पारिवारिक एवं सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। पूरे पंजाब में सावन के महीने में महिलाएँ इस पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाती हैं तथा मेहंदी, झूले, लोकगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाती हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों द्वारा एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएँ देने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देने के साथ हुआ।