
एचएमवी में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया

हंस राज महिला महाविद्यालय, जालंधर में पी.जी. फिजिक्स विभाग के चंद्रयान विपनेट क्लब द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष अन्वेषण तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की उल्लेखनीय उपलब्धियों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. सलोनी शर्मा ने छात्राओं को इसरो की उपलब्धियों तथा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। छात्राओं के लिए अंतरिक्ष विज्ञान एवं खगोल विज्ञान पर आधारित एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। क्विज के माध्यम से छात्राओं को अंतरिक्ष, ग्रहों, उपग्रहों तथा विभिन्न अंतरिक्ष अभियानों से संबंधित अपने ज्ञान को परखने और बढ़ाने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए ‘स्पेसवॉकरÓ फिल्म की स्क्रीनिंग भी की गई। यह फिल्म 18 मार्च, 1965 को हुए सोवियत संघ के वॉस्खोद-2 अंतरिक्ष मिशन की सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें सोवियत कॉस्मोनॉट एलेक्सी लियोनोव ने अंतरिक्ष में पहली बार स्पेसवॉक करने का गौरव प्राप्त किया था। फिल्म के माध्यम से छात्राओं को अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा सामना की जाने वाली चुनौतियों से परिचित कराया गया तथा उनमें अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया गया। दोनों गतिविधियों में छात्राओं ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। पी.जी. फिजिक्स विभाग के डॉ. सुशील एवं डॉ. सिमी ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ कीं और अपना सहयोग प्रदान किया। प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) एकता खोसला ने विभाग के प्रयासों की सराहना की तथा छात्राओं को वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की नवीनतम उपलब्धियों से अवगत रहने के लिए प्रेरित किया।


