

दिल्ली: खाने-पीने की चीज़ों के बाद अब बाजार में मिलने वाले पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स को खरीदना और भी आसान और पारदर्शी हो जाएगा। दरअसल, केंद्र सरकार ने पैकेजिंग नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए अब साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट और कॉस्मेटिक्स जैसी रोजमर्रा की चीज़ों पर भी शाकाहारी और मांसाहारी का निशान लगाना अनिवार्य कर दिया है। केंद्र सरकार ने इन प्रोडक्ट्स के लिए लेबलिंग की ज़रूरतों को तय करने के लिए ‘लीगल मेट्रोलॉजी रूल्स, 2011’ में बदलाव किया है।यह बदलाव सोमवार से लागू हो गया है। बदले हुए नियमों के तहत, पूरी तरह शाकाहारी सामग्री से बने प्रोडक्ट्स पर हरा बिंदु लगाना अनिवार्य होगा। अगर किसी प्रोडक्ट में जानवर से जुड़ा कोई भी तत्व मौजूद है, तो उस पर लाल या भूरा बिंदु दिखेगा। इतना ही नहीं यह निशान प्रोडक्ट के मुख्य डिस्प्ले पैनल पर सबसे ऊपर की तरफ लगाना होगा, ताकि ग्राहक सामान खरीदते समय पहली ही नज़र में पहचान सकें।


