

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ड्रग्स की दुनिया में ‘लेडी डॉन’ और ‘नारको किंगपिन’ के नाम से मशहूर पार्वती को उसके एक करीबी साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पार्वती पर लंबे समय से गैर-कानूनी तरीके से नशे का कारोबार चलाने और उससे करोड़ों की संपत्ति बनाने का आरोप है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नज़र ड्रग्स के एक बड़े नेटवर्क पर है और जांच अधिकारी अब आरोपी महिला और उसके साथियों के अन्य संपर्कों की जांच कर रहे हैं।पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पार्वती अपने इलाके की एक चिन्हित ‘बैड कैरेक्टर’ रही है और लंबे समय से कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल थी। स्थानीय स्तर पर फैले ड्रग नेटवर्क में उसका अच्छा-खासा दबदबा था। उसकी गिरफ्तारी को स्थानीय ड्रग नेटवर्क की जांच में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस ने पार्वती के एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी अब दोनों आरोपियों से उनके कथित ड्रग्स के धंधे और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ कर रहे हैं।



