

लुधियाना, 26 सितंबर: शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी के यूथ विंग एवं पंजाब सरकार द्वारा संयुक्त रूप से ‘जश्न-ए-इंकलाब’ के बैनर तले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 28 सितंबर, सोमवार को पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू), लुधियाना में किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शेरगिल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के यूथ विंग द्वारा पिछले लगभग पौने दो वर्षों से पंजाब के युवाओं को खेल मैदानों और जिमों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत पंजाब के विभिन्न गांवों और वार्डों में लगभग 16 हजार यूथ क्लब बनाए गए हैं, जिनसे लगभग सवा तीन लाख युवा जुड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने के लिए आम आदमी पार्टी का यूथ विंग लगातार प्रयासरत है। युवाओं को खेलों, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में पंजाब भर के इन यूथ क्लबों से जुड़े युवा एक मंच पर एकत्रित होकर शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह का 119वां जन्मदिवस पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाएंगे।
शेरगिल ने पंजाब के समस्त युवाओं से अपील की कि वे 28 सितंबर को पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, लुधियाना में आयोजित ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और बसंती रंग की पगड़ियां सजाकर कार्यक्रम में पहुंचें।



