
भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व आईएएस अधिकारी श्री एस. आर. लधर ने Aam Aadmi Party में उभरते गहरे संकट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि एक साथ 7 सांसदों का पार्टी छोड़ना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि AAP अंदर से पूरी तरह बिखर चुकी है और “आप का झाड़ू तिनका-तिनका हो गया है।”
श्री लधर ने कहा कि मुख्यमंत्री Bhagwant Mann द्वारा अपने ही सांसदों को “गद्दार” कहना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता और तानाशाही मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पार्टी के भीतर असहमति रखने वाले हर नेता को “गद्दार” कहा जाएगा, तो क्या लोकतंत्र में विचारों की कोई जगह नहीं बचती?
उन्होंने आगे कहा कि Aam Aadmi Party ने हमेशा खुद को “ईमानदार राजनीति” का प्रतीक बताया, लेकिन आज उसी पार्टी में नेताओं का पलायन और आपसी आरोप-प्रत्यारोप उसकी वास्तविकता को सामने ला रहा है। “यह वही पार्टी है जो दूसरों पर लोकतंत्र की दुहाई देती थी, लेकिन अब अपने ही नेताओं की आवाज दबाने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रही है,” श्री लधर ने कहा।
श्री लधर ने आरोप लगाया कि AAP में फैसले कुछ लोगों तक सीमित हैं और जमीनी कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों की कोई सुनवाई नहीं होती। यही कारण है कि पार्टी के सांसद खुद को असहज महसूस कर रहे हैं और मजबूर होकर पार्टी छोड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी कि एक साथ इतने सांसद पार्टी छोड़ने को मजबूर हुए। “अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए दूसरों पर ‘गद्दारी’ का ठप्पा लगाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है,” उन्होंने कहा।
श्री लधर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि AAP के कुछ विधायक और मंत्री विभिन्न आपराधिक मामलों—जैसे भ्रष्टाचार, अनैतिक गतिविधियाँ, वसूली (extortion), मारपीट और अन्य अपराधों—में संलिप्त पाए गए हैं, जिससे सरकार की साख पर प्रश्नचिह्न लगा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भय और अविश्वास का माहौल बनता जा रहा है, जबकि सरकार केवल विज्ञापनबाज़ी में व्यस्त है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आम लोगों के काम बिना रिश्वत के नहीं हो रहे, जो “ईमानदार शासन” के दावे की पोल खोलता है। श्री लधर ने कहा कि Arvind Kejriwal और मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी कमियों को छिपाने के बजाय अपने ही नेताओं को “गद्दार” बताकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
अंत में श्री लधर ने कहा कि पंजाब की जनता अब सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में AAP को अपनी कथनी और करनी के अंतर का जवाब देना होगा।