
जालांधर: पंजाब में पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार को भी दिनभर आसमान में बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली चलती रही। कई बार काले बादल छाए और बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन अधिकांश इलाकों में लोग सिर्फ बादलों को निहारते ही रह गए। बारिश नहीं होने से उमस और बढ़ गई, जिससे घरों, बाजारों और सड़कों पर लोग पसीने से बेहाल नजर आए।सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। तेज नमी और गर्मी के कारण दोपहिया वाहन चालक चेहरा ढककर सफर करते दिखाई दिए, जबकि बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम रौनक रही। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही उमस ने दैनिक जीवन को प्रभावित कर दिया है और अब सभी को अच्छी बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।